Facebook Twitter Google RSS
Showing posts with label छत्‍तीसगड़. Show all posts
Showing posts with label छत्‍तीसगड़. Show all posts

Thursday, September 19, 2013

सर्वे: 4 में से 3 राज्यों में बीजेपी की सरकार बनेगी

अनुचर     9:20 AM  No comments
एक सर्वे के मुताबिक आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को चार बड़े राज्यों में बढ़त मिल रही है। न्यूज चैनल टाइम्स नाउ और सी-वोटर के ताजा सर्वे के मुताबिक विधानसभा चुनावों में बीजेपी का बोलबाला रहेगा। सर्वे के नतीजों के मुताबिक, जल्द होने वाले विधानसभा चुनावों में बीजेपी जहां छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखेगी, वहीं राजस्थान में वह कांग्रेस से सत्ता छीन लेगी। दिल्ली में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। 

एमपी में बीजेपी की हैटट्रिक: टाइम्स नाउ और सी वोटर सर्वे के मुताबिक, मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान हैटट्रिक लगाएंगे। कांग्रेस को 2008 के मुकाबले 13 सीटों के फायदे का अनुमान है, लेकिन बीजेपी आसानी से बहुमत हासिल करने में कामयाब रहेगी। सर्वे के मुताबिक, 2013 चुनाव में कांग्रेस को 84, बीजेपी को 130, बीएसपी को 5 और अन्य को 5 सीटें मिलेंगी। 2008 में कांग्रेस को 71, बीजेपी को 143, बीएसपी को 9 और अन्य को 11 सीटें मिली थीं।

शिवराज पहली पसंद: एमपी में ज्यादातर लोग शिवराज सिंह चौहान को सीएम की कुर्सी पर देखना चाहते हैं। 56 फीसदी लोगों की पसंद शिवराज हैं, जबकि 23 फीसदी ज्योतिरादित्य सिंधिया, 3 फीसदी दिग्विजय सिंह, 4 फीसदी उमा भारती और 14 फीसदी अन्य के पक्ष में हैं।

छत्तीसगढ़ में रमन की हैटट्रिक: सर्वे के अनुसार, छत्तीसगढ़ में भी एक बार फिर बीजेपी कांग्रेस पर भारी है और 2013 चुनाव में भी रमन सिंह की सरकार बनेगी। कांग्रेस को 40, बीजेपी को 47, बीएसपी को 2 और अन्य को 1 सीट मिलने के आसार हैं। पसंदीदा सीएम की लिस्ट में भी रमन सिंह टॉप पर हैं। रमन सिंह को जहां 48 फीसदी लोग सीएम की कुर्सी पर देखना चाहते हैं, वहीं कांग्रेस के अजित जोगी को पक्ष में महज 23 फीसदी लोग हैं।

राजस्थान में बीजेपी की वापसी: टाइम्स नाउ, सी वोटर सर्वे ने राजस्थान में बीजेपी को 118 सीटें दी हैं। सर्वे में कांग्रेस को 64, बीएसपी को 3 और अन्य को 15 सीटों का अनुमान है। सर्वे के मुताबिक, इस बार गहलोत सरकार की विदाई होगी और बीजेपी एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी। राजस्थान में बीजेपी की वसुंधरा राजे सिंधिया सबसे पॉप्युलर सीएम कैंडिडेट हैं। वसुंधरा के पत्र में 44 फीसदी लोग हैं, जबकि वर्तमान सीएम अशोक गहलोत के पक्ष में 25, सचिन पायलट के पक्ष में 5 और सी. पी. जोशी के पक्ष में 4 फीसदी लोग हैं।

Friday, September 6, 2013

लाल किले से मोदी देंगे भाषण

अनुचर     5:26 PM  No comments

लालकिले से मोदी के सम्बोधन को लेकर आप जरूर आश्चर्य में पड़ गए होंगे,पर चौंकिए नहीं। यह लालकिला दिल्ली का नहीं बल्कि उसका माडल है जोकि उनके सम्बोेधन के लिए खासतौर पर छत्तीसगढ के आदिवासी बहुल सरगुजा जिला मुख्यालय पर तैयार किया जा रहा है।


राज्य के मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह की लगभग छह हजार किलोमीटर की 81 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली विकास यात्रा का शनिवार को यहां समापन होगा। इस मौके पर आयोजित जनसभा में भाजपा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह राज्य में इस वर्ष के अन्त में होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान का शंखनाद करेंगे। 


अम्बिकापुर शहर के पीजी मैदान में आयोजित होने वाली समापन सभा के लिए पहले पार्टी अध्यक्ष सिंह को आमंत्रित किया गया था पर बाद में मोदी को भी इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया। मोदी के इस कार्यक्रम को अलगरूप देने के लिए सरकार एवं पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। लालकिले का माडल तैयार कर उसकी प्राचीर से उनका सम्बोधन करवाना,उन्हें प्रधानमंत्री के दावेदार के रूप में लोगों में प्रस्तुत करना है।

किसका फार्मूला,सस्पेंस बरकरार

मोदी का सम्बोधन लालकिले की प्राचीर से करवाने का आइडिया किसका है यह तो बता पाना मुश्किल है पर यह अब तक का देश में शायद पहला मौका होगा जबकि प्रधानमंत्री पद के किसी दावेदार का भाषण प्राचीर के माडल पर होगा। हालांकि गुजरात में पिछले दिनों स्वतंत्रता दिवस पर उनके सम्बोधन से पूर्व कुछ पोस्टर जरूर लगे थे जिसकी पृष्ठि भूमि में लालकिले की तस्वीर बनी थी। प्रधानमंत्री बनने के सपने नहीं देखने के बयान के ठीक दूसरे दिन लालकिले के माडल से मोदी का सम्बोधन देश में राजनीतिक सन्देश देने की कोशिशों के रूप में भी जानकार देख रहे हैं। 

ढाई करोड़ में तैयार हो रहा "लालकिला"

इस माडल को तैयार करने में भारी भरकम धनराशि खर्च की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार माडल और विशेष डोम बनाने आदि पर लगभग ढाई करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। जानकारी के अनुसार लालकिले का माडल तैयार करने समेत पूरी व्यवस्था पर लगभग 500 लोग लगभग 15 दिनों से लगे हुए है। डोम एवं कुछ अन्य व्यवस्थाओं का ठेका तो रायपुर की किसी कम्पनी ने लिया है पर पूरा काम गुजरात की कम्पनी द्वारा किया जा रहा है। बड़ी संख्या में गुजरात के लोग भी यहां डटे हैं। इस माडल को कुछ इस तरह से तैयार किया गया है जिससे कि वह लगभग हूबहू लालकिले जैसा लग रहा है। इसके रंग रोगन का काम पूरा हो चुका है और इसे सीमेन्ट से इस तरह से जाम भी किया गया है कि वह वर्षा या आंधी तूफान में आसानी से नहीं हिले। 

Thursday, August 15, 2013

बीजेपी सांसद जूदेव की मौत के बाद पत्‍नी माधवी ने की खुदकुशी की कोशिश

Yugal     12:23 PM  No comments
छत्‍तीसगढ़ के बिलासपुर सीट से सांसद और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता दिलीप सिंह जूदेव का बुधवार शाम गुड़गांव स्थित मेदांता अस्‍पताल में निधन हो गया। वह लीवर और किडनी की बीमारी से पीडि़त थे। 

उनकी मौत के बाद से उनकी पत्‍नी माधवी इस कदर टूट गईं की उन्‍होंने बुधवार की रात ही खुद को मारने की कोशिश की। गंभीर हालत में उन्‍हें दिल्‍ली के राम मनोहर लोहिया अस्‍पातल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से लोकसभा के सांसद और जूदेव का गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। वह 64 वर्ष के थे। जूदेव किडनी और लीवर में संक्रमण की वजह से पिछले 45 दिनों से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। 

जशपुर राजघराने के राजकुमार दिलीप सिंह जूदेव के परिवार में पत्नी माधवी देवी और दो पुत्र प्रबल प्रताप सिंह और युद्धवीर सिंह है। युद्धवीर सिंह छत्तीसगढ़ सरकार में संसदीय सचिव हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और अन्य नेताओं ने जूदेव के निधन पर दुख व्यक्त किया। जूदेव के निधन की खबर मिलते ही भाजपा के दिग्गज नेताओं व कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। 

प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। जूदेव उस वक्‍त विवादों के घेरे में आये थे जब वर्ष 2003 में एक स्टिंग ऑपरेशन के दौरान उन्‍हें रिश्वत लेते पकड़े गया था। उस समय वह केंद्रीय मंत्री भी थे। खदानों से संबंधित मामले में ऑस्ट्रेलिया की कंपनी से घूस लेते समय वीडियो में उन्हें यह कहते देखा गया था कि 'पैसा खुदा तो नहीं पर खुदा कसम खुदा से कम भी नहीं'। राष्ट्रीय स्तर पर यह मामला काफी चर्चित हुआ था। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की राजनीति में उनकी कमी हमेशा खलेगी।

विशेष

Gallery

Events

Recent Comments

Proudly Powered by Blogger.