![]() |
अब्दुल रशीद अंसारी |
कोटा : भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब्दुल रशीद अंसारी ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी देश के प्रधानमंत्री बने तो मुसलमानों को कोई खतरा नहीं है। कांग्रेस शासित राज्यों में भी दंगे हुए हैं, लेकिन गुजरात के दंगों को लेकर अलग नजरिया क्यों। मोदी दंगे के लिए माफी क्यों मांगें। क्या कांग्रेस शासित राज्यों में दंगे होने पर वहां के मुख्यमंत्रियों ने माफी मांगी थी।
शनिवार को अल्पसंख्यक मोर्चा के स्थानीय पदाधिकारियों की ओर से रखे गए रोजा-इफ्तार कार्यक्रम में आए अंसारी ने पत्रकारों से कहा कि दंगे का नेचर एक जैसा होता है। फिर भाजपा शासित राज्य में होने वाले दंगे का अलग मापदंड क्यों तय कर दिया जाता है। अकेले मोदी को एक जुर्म की सजा क्यों देना चाहते हो। दिल्ली में सिखों के साथ जो नाइंसाफी हुई, उसके लिए कांग्रेस ने माफी क्यों नहीं मांगी। पिछले दिनों विवाद में आए नरेंद्र मोदी के बयान 'कुत्ते का बच्चा भी कार के नीचे आ जाए तो दुख होता है तथा संकट के समय कांग्रेस सेक्युलरिज्म के बुर्के में छिप जाती है' के बारे में सवाल पूछने पर अंसारी ने कहा कि मोदी को मुस्लिम विरोधी बताना गलत है। गुजरात में मोदी ने मुस्लिमों का दिल जीता है। वहां काफी विकास हुआ है और 11 साल में कोई दंगा नहीं हुआ। टोपी पहनने या नहीं पहनने से किसी का दिल नहीं बदल जाता।
भाजपा में हिंदुत्व के संभावित एजेंडे को लेकर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का संदर्भ देते हुए कहा कि हिंदुत्व कोई धर्म विशेष नहीं है बल्कि भारतीय जीवनशैली का प्रतीक है। देश की साझी संस्कृति का नाम ही हिंदुत्व है। अंसारी ने मोदी के नेतृत्व में बनी भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति और उप समितियों में से किसी में भी उनका नाम नहीं होने के सवाल पर कहा कि शाहनवाज हुसैन और मुख्तार अब्बास नकवी का नाम है। उन्हें अल्पसंख्यकों के लिए विजन डाकुमेंट तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को मुसलमान बड़ी संख्या में वोट देंगे। केंद्र और राजस्थान में भाजपा की सरकार बनेगी। राजस्थान में भाजपा 18 मुस्लिमों को भी टिकट देगी तो जीतेंगे।
0 comments :
Thanks for comment. Please keep visit chokanna.com