पाकिस्तान की ओर से शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे एक बार फिर पुंछ सेक्टर के चक्कन दां बाग इलाके में भारतीय सीमा पर बनी पांच चौकियों पर फायरिंग की गई। रक्षा विभाग के मुताबिक इस दौरान पाकिस्तान की ओर से करीब सात हजार राउंड फायरिंग की गई। पुंछ में एलओसी पर स्थित दिगवार सेक्टर के अग्रिम सैन्य व नागरिक ठिकानों पर जंगबंदी का उल्लंघन करते हुए यह गोलाबारी की गई। रात 11 बजे के करीब शुरू हुई गोलाबारी आज सुबह तक जारी रही। फिलहाल इसमें किसी प्रकार का नुकसान होने की कोई सूचना नहीं है।
पाक की ओर से ऑटोमैटिक हथियारों का इस्तेमाल किया गया। भारतीय चौकी पर मौजूद दुर्गा बटालियन के जवानों ने भी इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया। हालांकि इस फायरिंग में किसी भारतीय जवान के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
फायरिंग बंद होने के बाद सेना ने यहां पर सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है। माना जा रहा है कि इस तरह की फायरिंग पाकिस्तान सीमा पार से आतंकियों को भारतीय सीमा में दाखिल करने के लिए करता आया है। इस लिहाज से सेना ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है। पिछले दिनों इसी इलाके में सीमा पर गश्त लगा रहे पांच भारतीय जवानों की पाक सैनिकों ने हत्या कर दी थी। जिसके बाद भारत में जगह-जगह पाकिस्तान को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किए गए थे। पिछले कुछ दिनों से जम्मू कश्मीर से लगी सीमा पर पाकिस्तान लगातार फायरिंग कर रहा है। सेनाध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह के जम्मू कश्मीर दौरे के समय भी पाक की और से ऊड़ी सेक्टर की चौकियों पर गोलीबारी की गई थी। इसका भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया था। इसमें दो पाक जवान घायल हो गए थे।
0 comments :
Thanks for comment. Please keep visit chokanna.com